उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के फलावदा थाना क्षेत्र के दादूपुर गांव में एक 65 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर अपने बेटे और पोते पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी. घटना के बाद महिला का शव गांव में एक पेड़ से लटका मिला. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान सुमित्रा देवी के रूप में हुई है. शनिवार रात परिवार में पेंशन के पैसों और उनके 14 वर्षीय पोते उदय के लिए नया मोबाइल फोन खरीदने को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि बहस के दौरान सुमित्रा देवी ने अपने बेटे परमवीर (45) और पोते उदय पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी.
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने आग बुझाई. दोनों को गंभीर रूप से झुलसी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद सुमित्रा देवी वहां से चली गईं. बाद में उनका शव गांव के ही एक पेड़ से लटका मिला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच
सूचना मिलने पर फलावदा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. पुलिस परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
