मेघालय के मावसिनराम और चेरापूंजी जैसे दुनिया के सबसे अधिक बारिश वाले इलाकों में भविष्य में सूखे का खतरा बढ़ सकता है. एक नई स्टडी के मुताबिक, जलवायु परिवर्तन के कारण बारिश अब कम दिनों में तेज बौछारों के रूप में केंद्रित हो रही है. साथ ही तापमान में बढ़ोतरी भी दर्ज की जा रही है.

स्टडी में 1981 से 2100 तक के जलवायु और जल-प्रवाह अनुमानों का विश्लेषण किया गया. इसके अनुसार, कुल बारिश बहुत अधिक रहने के बावजूद बारिश के दिनों में कमी और लंबे सूखे अंतराल जल उपलब्धता पर दबाव डाल सकते हैं. तेज बारिश का पानी जमीन में समाने के बजाय तेजी से बह जाने पर भूजल रिचार्ज भी कम हो सकता है.

इस बदलाव का असर प्राकृतिक झरनों, नदियों और स्थानीय पेयजल स्रोतों पर पड़ने की आशंका है. मेघालय के पहाड़ी इलाकों में कई समुदाय पानी के लिए झरनों और भूजल पर निर्भर हैं.

पहले के अध्ययनों में भी चेरापूंजी और मावसिनराम क्षेत्र में दीर्घकालिक बारिश के रुझानों में बदलाव का संकेत मिला है. हालांकि, किसी एक मौसम की कम बारिश को सीधे जलवायु परिवर्तन का निर्णायक प्रमाण नहीं माना जा सकता.