मेघालय की यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) के आठ विधायक बुधवार को नई दिल्ली में भाजपा में शामिल हो गए. भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और पार्टी के अन्य नेताओं की मौजूदगी में विधायकों ने सदस्यता ली.

इन विधायकों के भाजपा में जाने के बाद मेघालय विधानसभा में भाजपा की संख्या दो से बढ़कर 10 हो गई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, भाजपा अब नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) के बाद विधानसभा में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई है. दूसरी ओर, UDP के विधायकों की संख्या 12 से घटकर चार रह गई है.

भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों में लहकमन रिंबुई, पियस मारवीन, किर्मेन शायला, मायरेलबार्न सिएम, मैथ्यू कुर्बाह, ओलान सिंह सुइन, बालाजिएड कुफर सिनरेम और सिनशर कुफर रॉय शामिल हैं.

रिजिजू ने कहा कि इन विधायकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर और मेघालय में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल होने का फैसला किया.

मेघालय में मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस (MDA) की सरकार है, जिसमें NPP, UDP और भाजपा शामिल हैं. इससे पहले UDP के पूर्व विधायक जेमिनो मावथोह 12 सितंबर को भाजपा में शामिल हुए थे. इसके बाद आठ और विधायकों के भाजपा में जाने की अटकलें तेज हुई थीं. 11 सितंबर को शिलॉन्ग में हुई UDP की केंद्रीय कार्यकारी समिति की बैठक में पार्टी के छह विधायक शामिल नहीं हुए थे.