मेघालय के गारो समुदाय का प्रमुख फसल उत्सव वांगला अपनी स्वर्ण जयंती पर बड़े सांस्कृतिक आयोजन और विश्व रिकॉर्ड के साथ सुर्खियों में आया. तुरा के पास वांगला आदम मैदान में चार दिन चले उत्सव के समापन समारोह में करीब 1,000 ढोल वादकों और 1,500 महिला नर्तकों ने हिस्सा लिया.

आयोजकों के अनुसार, प्रतिभागी गारो हिल्स के पांच जिलों से पहुंचे थे. लगभग चार फुट लंबे ‘दामा’ ढोलों की सामूहिक प्रस्तुति पूरी होने के बाद गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के एक प्रतिनिधि ने नए रिकॉर्ड की घोषणा की.

10 ढोल से 1,000 ढोल तक का सफर

वांगला किसानों का उत्सव है, जिसमें गारो समुदाय अपने प्रमुख देवता सालजोंग, जिन्हें सूर्य देवता माना जाता है, को प्रसन्न करने के लिए बलि अर्पित करता है. यह उत्सव मेहनत और कृषि कार्य के एक दौर के अंत तथा सर्दियों की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है.

वांगला को 1976 में औपचारिक रूप दिया गया था. उस समय एक ब्लॉक विकास अधिकारी ने महसूस किया कि ढोल की गूंजती आवाज कमजोर पड़ रही है. उन्होंने 10 दामा वादकों को खोजकर तुरा के चंदमारी मैदान में आयोजन कराया. तत्कालीन मुख्यमंत्री कैप्टन विलियमसन ए. संगमा ने 10 ढोलों को अपर्याप्त माना और उसी वर्ष दिसंबर में तुरा से करीब 16 किलोमीटर दूर असानांग्ग्रे में 100 ढोल वादकों के साथ आयोजन कराया.

मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने कहा कि वांगला की 50वीं वर्षगांठ को भव्य तरीके से मनाना गर्व का क्षण है और इसका परिणाम विश्व रिकॉर्ड के रूप में सामने आया. केंद्रीय कला एवं संस्कृति तथा पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इसे धन्यवाद और सांस्कृतिक विरासत का उत्सव बताते हुए कहा कि भविष्य में वांगला नागालैंड के हॉर्नबिल उत्सव की तरह अंतरराष्ट्रीय पहचान बना सकता है.