नई दिल्ली: बाल यौन शोषण सामग्री से निपटने में कथित चूक को लेकर Meta पर भारत सरकार और राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) ने जवाबदेही बढ़ाने को कहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अधिकारियों ने कंपनी से कहा कि वह केवल ‘इंटरमीडियरी’ का दर्जा लेकर अपनी जिम्मेदारियों से बच नहीं सकती.

अधिकारियों ने यह भी संकेत दिया कि कानूनी दायित्वों का पालन नहीं होने पर Meta को सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत मिलने वाली ‘सेफ हार्बर’ सुरक्षा पर असर पड़ सकता है. यह सुरक्षा थर्ड-पार्टी कंटेंट के लिए इंटरमीडियरी को कुछ शर्तों के तहत दायित्व से संरक्षण देती है. हालांकि, किसी अंतिम सरकारी फैसले की जानकारी उपलब्ध नहीं है और कंपनी ऐसे फैसले को अदालत में चुनौती दे सकती है.

रिपोर्ट के मुताबिक, Meta ने अपनी प्रक्रियाओं में गलतियां स्वीकार कीं और बाल यौन शोषण सामग्री मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तुरंत रिपोर्ट करने का आश्वासन दिया. अधिकारियों ने कंपनी से ऐसी सामग्री हटाने को भी कहा, जिसमें बच्चों को आत्महत्या के लिए उकसाने की आशंका हो सकती है.

NCPCR के समक्ष हुई करीब 70 मिनट की बैठक में सेफ हार्बर प्रावधानों, पॉक्सो कानून और बाल यौन शोषण सामग्री पर सुप्रीम कोर्ट के 2024 के फैसले के अनुपालन पर सवाल उठाए गए. आयोग ने कहा कि सेफ हार्बर सुरक्षा स्वतः या पूर्ण नहीं है, बल्कि कानूनी शर्तों के पालन पर निर्भर करती है.

Meta India प्रमुख अरुण श्रीनिवास और कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक में हिस्सा लिया. आयोग ने कंपनी को सवालों के लिखित जवाब देने के लिए दो सप्ताह का समय दिया है. इसके बाद प्रतिनिधियों को दोबारा बुलाए जाने की संभावना है. बैठक में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और इंडियन साइबरक्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर के प्रतिनिधि भी शामिल थे.