राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने पंजाब के संगरूर जिले के शेरों गांव निवासी मोहंजीत सिंह से जुड़े कथित हिरासत उत्पीड़न मामले में 14 अक्टूबर को नई दिल्ली में सुनवाई तय की है. आयोग ने संबंधित पक्षों को जरूरी दस्तावेज और रिकॉर्ड के साथ उपस्थित होने को कहा है.

शिकायत के अनुसार, 2 सितंबर को मुख्यमंत्री भगवंत मान के गांव दौरे के दौरान सिंह कथित तौर पर शांतिपूर्ण विरोध कर रहे थे. आरोप है कि पंजाब पुलिसकर्मी उन्हें वहां से ले गए और हिरासत में शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना दी. शिकायत में उनकी धार्मिक पहचान के अपमान का आरोप भी लगाया गया है.

पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक, मेडिकल जांच में सिंह मॉर्फिन के लिए पॉजिटिव पाए गए थे. पुलिस ने यह भी कहा कि उन्हें 3 सितंबर को सुनाम के कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया और निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया.

मोहंजीत सिंह ने पुलिस के इस दावे को खारिज करते हुए आयोग के समक्ष सुनवाई की मांग की है. अब आयोग के सामने सिंह के आरोपों और पुलिस के पक्ष की औपचारिक जांच होगी.