मिजोरम से म्यांमार के रास्ते भारत में ड्रग्स की तस्करी के मामले में बीते आठ महीनों में 846 करोड़ रुपये से अधिक की ड्रग्स जब्त किए जाने और 930 लोगों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है. रिपोर्ट के अनुसार, गिरफ्तार लोगों में 111 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं.
म्यांमार के साथ मिजोरम की करीब 510 किलोमीटर लंबी खुली सीमा को तस्करी नेटवर्क के लिए अहम रास्ता बताया गया है. आरोप है कि हेरोइन और मेथामफेटामाइन को जंगलों और सीमावर्ती गांवों के जरिए भारत लाया जाता था.
ईडी की कार्रवाई में बैंक खाते कुर्क
प्रवर्तन निदेशालय की ताजा कार्रवाई में म्यांमार के कथित सरगना थिंगचुंगआंग उर्फ चिंतुआंग से जुड़े 22 बैंक खातों में जमा करीब 4.8 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क किए जाने की बात सामने आई है. जांच के मुताबिक, नेटवर्क ड्रग्स की खरीद, सीमा पार परिवहन, भंडारण, देश के भीतर सप्लाई और भुगतान की व्यवस्था संभालता था.
जांच में यह भी सामने आने का दावा है कि नेटवर्क केवल म्यांमार से भारत में ड्रग्स लाने तक सीमित नहीं था. भारत, खासकर गुजरात से स्यूडोएफेड्रिन टैबलेट और कैफीन एन्हाइड्रस जैसे रसायन मिजोरम के रास्ते म्यांमार भेजे जाते थे. इनका इस्तेमाल वहां की कथित अवैध लैब में ड्रग्स बनाने में किया जाता था. तैयार ड्रग्स को फिर मिजोरम के रास्ते भारत लाए जाने की बात कही गई है.
मनी ट्रेल की भी जांच
रिपोर्ट के अनुसार, कमाई छिपाने के लिए म्यूल खातों, फ्रंट कंपनियों और हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल किया गया. कुछ ऑपरेटरों के खातों में 50 करोड़ रुपये से अधिक के लेन-देन की जानकारी मिलने का दावा है. ईडी ने चिंतुआंग से मिली भारतीय बैंक खातों की जानकारी के आधार पर मनी ट्रेल की जांच आगे बढ़ाई.
