उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक की विधान परिषद की 28 सीटों पर मंगलवार सुबह 8 बजे से मतगणना जारी है. उपलब्ध रुझानों के अनुसार भाजपा और उसके सहयोगी दल करीब 16 सीटों पर आगे चल रहे हैं. समाजवादी पार्टी को तीन सीटों पर बढ़त है, जबकि जन सुराज एक सीट पर आगे है. चार सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे हैं और चार सीटों पर अभी रुझान सामने नहीं आया है.
राज्यवार स्थिति में उत्तर प्रदेश की 11 सीटों में भाजपा छह, समाजवादी पार्टी तीन और निर्दलीय उम्मीदवार एक सीट पर आगे हैं. एक सीट पर रुझान उपलब्ध नहीं है. बिहार की आठ सीटों में भाजपा चार, जनता दल यूनाइटेड एक, जन सुराज एक और निर्दलीय उम्मीदवार दो सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं.
महाराष्ट्र की पांच सीटों में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन तीन सीटों पर आगे है. एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार बढ़त में है और एक सीट पर रुझान नहीं आया है. कर्नाटक की चार सीटों में भाजपा और जनता दल-सेक्युलर एक-एक सीट पर आगे हैं, जबकि दो सीटों पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है.
बिहार की चार शिक्षक सीटों के नतीजे
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों में से चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम घोषित हो चुके हैं. पटना सीट से राजद के डॉ. संजीव ने 1,057 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की. तिरहुत शिक्षक सीट पर भाजपा के नरेंद्र सिंह 600 वोटों से विजयी रहे. सारण शिक्षक सीट पर भाजपा के बागी निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने दूसरी वरीयता के मतों के आधार पर 1,815 वोटों से जीत हासिल की. दरभंगा शिक्षक सीट पर जन सुराज के सुरेश प्रसाद राय विजेता रहे.
गोरखपुर में मतपत्रों को मतपेटियों से निकालकर बंडल बनाने की प्रक्रिया जारी है. इसके बाद मतपत्रों की गिनती शुरू होगी. महाराष्ट्र की पांच सीटों पर 182 उम्मीदवार मैदान में हैं. यहां मुकाबला महायुति और महाविकास अघाड़ी के बीच है.
उत्तर प्रदेश की आगरा मंडल शिक्षक निर्वाचन सीट के चुनाव में गंभीर लापरवाही के मामले में चुनाव आयोग ने छह अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने का आदेश दिया है. आयोग ने 10 दिन के भीतर चार्जशीट दाखिल करने और 21 अन्य मतदानकर्मियों व पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है.
