नई दिल्ली में केंद्र सरकार के पूरे मंत्रिपरिषद का दो दिवसीय चिंतन शिविर गुरुवार को सरकारी योजनाओं की पहुंच और जनता से प्रभावी संवाद पर चर्चा के साथ आगे बढ़ा. बैठक में वास्तविक जरूरतमंदों तक कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ पहुंचाने के तरीकों पर जोर दिया गया.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार दूसरे दिन मंत्रियों से बातचीत की. मंत्री आठ समूहों में बंटे थे और प्रधानमंत्री ने हर समूह से संवाद किया. इसके बाद उन्होंने सभी मंत्रियों को संबोधित भी किया.

योजनाओं की पहुंच और जनसंवाद पर फोकस

बैठक में सरकार की करीब 40-45 कल्याणकारी योजनाओं को वास्तविक लाभार्थियों तक 100% पहुंचाने पर मुख्य रूप से विचार हुआ. आने वाले दिनों में जनता को सरकारी योजनाओं और लोगों की भलाई से जुड़े कामों की जानकारी प्रभावी ढंग से देने पर भी सरकार का जोर रहेगा.

मंत्रियों के दो दिवसीय सम्मेलन के पहले दिन शासन, सुधार और महिलाओं तथा युवाओं तक कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की पहुंच पर चर्चा हुई थी. अलग-अलग मंत्रालयों और विभागों के बीच बेहतर तालमेल से सरकारी कामकाज सुधारने के मुद्दे पर भी विचार किया गया. प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से फीडबैक लिया और कामकाज को आगे बढ़ाने के तरीकों पर सुझाव दिए.

विचार-विमर्श में ‘जन विश्वास से जन आधार’, सभी क्षेत्रों में सुधार और विकसित भारत@2047 की प्राथमिकताओं पर भी चर्चा हुई. एजेंडे में सरकारी योजनाओं की प्रगति, नीतियों का क्रियान्वयन, समय प्रबंधन, मंत्रालयों के बीच समन्वय और नागरिकों तक सरकारी सेवाएं पहुंचाना शामिल रहा.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शिविर में सचिवों के 10 क्षेत्रीय समूहों, मंत्रालयों, विभागों, कैबिनेट सचिवालय और NITI Aayog के काम को जोड़कर सुधार, जीवन सुगम बनाने और नियमों का बोझ घटाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई. सरकार ने हाल में मंत्रालयों के लाइव डैशबोर्ड, प्रगति समीक्षा और आधिकारिक वेबसाइटों को नागरिकों के लिए अधिक आसान बनाने पर भी जोर दिया है.