प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक को आतंकवादी हमलों के खिलाफ भारत का निर्णायक जवाब बताया है. रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई ने देश की आतंकवाद-रोधी नीति का एक साहसिक उदाहरण दुनिया के सामने रखा.

प्रधानमंत्री के मुताबिक, 28-29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के उरी में सेना के शिविर पर हुए आतंकी हमले के बाद नियंत्रण रेखा (LoC) के पार आतंकी ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई की थी. उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों का LoC पार कर आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करना दुनिया के लिए चौंकाने वाला क्षण था.

मोदी ने कहा कि भारत लंबे समय तक आतंकवादी हमलों का दर्द झेलता रहा, लेकिन अब देश ने स्पष्ट कर दिया है कि आतंकवाद का जवाब मजबूत और निर्णायक तरीके से दिया जाएगा. उन्होंने दोहराया कि भारत आतंकवाद के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर चल रहा है.

जनगणना में ऑनलाइन भागीदारी की अपील

प्रधानमंत्री ने चल रही जनगणना को राष्ट्रीय जिम्मेदारी बताया और कहा कि इसमें हर नागरिक की भूमिका है. उन्होंने लोगों से जनगणना के दौरान उपलब्ध ऑनलाइन गणना सुविधा का इस्तेमाल करने की अपील की.

नशे के खिलाफ युवाओं की भूमिका

नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि देश के युवा जागरूकता फैलाने के लिए रचनात्मक अभियानों और गतिविधियों से जुड़ रहे हैं. उन्होंने बताया कि ‘नशामुक्त युवा अभियान’ के तहत लाखों युवाओं ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया है.

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने विश्व हिंदू परिषद के दिवंगत नेता अशोक सिंघल को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन को सिंघल ने दिशा और ऊर्जा दी थी.