प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे प्रयासों को केवल दिखावे तक सीमित न रखने की बात कही है. गुरुवार को नई दिल्ली स्थित सुषमा स्वराज भवन में सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग के सम्मेलन के समापन सत्र की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने नशामुक्त भारत के लिए समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया.
सम्मेलन में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मंत्री तथा वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए. चर्चा में सामाजिक समानता, दिव्यांगजनों की सहायता, मादक पदार्थों के व्यसन की रोकथाम और जनभागीदारी जैसे मुद्दे शामिल रहे.
स्कूलों में जागरूकता गतिविधियों का सुझाव
प्रधानमंत्री ने स्कूलों में नशे के नुकसान पर निबंध, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित करने का सुझाव दिया. उनके अनुसार, ऐसी गतिविधियों से बच्चों और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जा सकता है. उन्होंने नशे की लत छोड़ चुके लोगों की कहानियां और अनुभव भी दूसरों के साथ साझा करने की बात कही.
मोदी ने कहा कि नशामुक्त भारत के लिए समुदायों, आध्यात्मिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी विभागों को मिलकर काम करना होगा. उन्होंने कहा कि लोगों की सक्रिय भागीदारी से उनकी आदतों में बदलाव लाने में मदद मिल सकती है.
दिव्यांगता की समय पर पहचान पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि जानकारी की कमी और सामाजिक प्रतिक्रिया के डर से कई माता-पिता बच्चों में दिव्यांगता की समय पर पहचान नहीं कर पाते. इससे बच्चों को जरूरी सहायता मिलने में देरी हो सकती है. उन्होंने सरल भाषा में तकनीक के माध्यम से जानकारी पहुंचाने और जागरूकता बढ़ाने का सुझाव दिया.
उन्होंने राज्यों से ऐसी प्रतियोगिताएं आयोजित करने को भी कहा, जिनमें युवा कम लागत वाले सहायक उपकरण विकसित करने के नए तरीके खोजें. इन उपकरणों से दिव्यांग बच्चों और अन्य लोगों को चलने-फिरने तथा खेल गतिविधियों में सहायता मिल सकती है.
