प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के साथ बैठक में पश्चिम एशिया के संघर्ष का समाधान संवाद और कूटनीति के जरिए तलाशने पर जोर दिया. दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय हालात की समीक्षा की और भारत-ईरान संबंधों को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की.
यह दोनों नेताओं की दो हफ्ते से कम समय में दूसरी मुलाकात थी. पेजेशकियान ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं. राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है.
समुद्री आवाजाही और नाविकों की सुरक्षा पर जोर
विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासों की जरूरत बताई. उन्होंने नेविगेशन और व्यापार की स्वतंत्रता बनाए रखने तथा समुद्री यात्रियों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया.
मंत्रालय ने कहा कि दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया. प्रधानमंत्री ने भारत के इस रुख को दोहराया कि सभी मुद्दों का समाधान बातचीत और कूटनीति से होना चाहिए.
बैठक में द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा हुई. मोदी ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद ब्रिक्स से जुड़ी बैठकों में ईरान की नियमित और उच्च-स्तरीय भागीदारी के लिए आभार जताया. दोनों नेताओं ने ‘ग्लोबल साउथ’ के देशों के बीच सहयोग, स्थिरता, नवाचार और लचीलेपन को बढ़ावा देने में ब्रिक्स की भूमिका का उल्लेख किया.
मोदी और पेजेशकियान की इससे पहले 31 अगस्त को बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात हुई थी. भारत ने उस समय भी संघर्ष समाप्त करने की दिशा में सभी प्रयासों का समर्थन करने की बात कही थी. बैठक के दौरान होर्मुज से जहाजों की निर्बाध आवाजाही के महत्व को भी रेखांकित किया गया.
