प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वाराणसी से वडनगर जा रहे सेवा यात्रियों से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने कहा कि समाज में लगातार सुधार और सकारात्मक बदलाव के लिए काम करना चाहिए, केवल वोटबैंक की राजनीति के लिए नहीं.

मोदी ने महात्मा गांधी के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि गांधी ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई और स्वतंत्रता आंदोलन का नेतृत्व करने के साथ-साथ सामाजिक सुधारक के रूप में भी काम किया. उन्होंने समाज में मौजूद बुराइयों के खिलाफ लगातार प्रयास किए.

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में शहरों और गांवों के बीच का अंतर कम हुआ है. उनके मुताबिक, गांवों में बुनियादी ढांचे में सुधार हुआ है और महिलाओं तथा बेटियों में आत्मनिर्भरता बढ़ी है. उन्होंने कहा कि वडनगर ने उन्हें जीवन के संस्कार दिए, जबकि काशी ने उनके संस्कारों में सेवा के कई रंग जोड़े.

मोदी ने सेवा यात्राओं को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया. उन्होंने कहा कि देश के लगभग हर जिले में जाने का अवसर मिला और यात्राओं के दौरान मिले अनुभव आज भी उनका मार्गदर्शन करते हैं. उन्होंने सेवा यात्रियों से लगातार आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा लेने को कहा.

17 सितंबर को शुरू हुईं दो बाइक यात्राएं

प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिन पर 17 सितंबर को दो बाइक यात्राएं शुरू की गई थीं. इनमें से एक यात्रा वडनगर से वाराणसी और दूसरी वाराणसी से वडनगर के लिए रवाना हुई. दोनों यात्राओं के 7 अक्टूबर को पूरा होने की जानकारी दी गई है. इनका आयोजन मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को चिह्नित करने के लिए किया जा रहा है.

24 सितंबर को भी प्रधानमंत्री ने वडनगर से वाराणसी जा रहे सेवा यात्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद किया था. इस यात्रा में बाइकर्स 10 समूहों में शामिल हैं.