चीनी सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स की एक रिपोर्ट में नई दिल्ली में हुए BRICS शिखर सम्मेलन को व्यापक और उच्च गुणवत्ता वाले सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया है. रिपोर्ट में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई बैठक को दोनों देशों के संबंधों में विश्वास निर्माण के नए चरण से जोड़ा गया.

रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों नेताओं की यह लगातार तीसरे वर्ष हुई मुलाकात है. इससे पहले 2024 में कज़ान और 2025 में तियानजिन में उनकी बैठक हुई थी. चीनी अखबार ने इन मुलाकातों को भारत-चीन द्विपक्षीय संबंधों में बनी स्थिरता का संकेत बताया.

पेकिंग यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर साउथ एशियन स्टडीज के कार्यकारी उप निदेशक वांग शू ने रिपोर्ट में कहा कि कज़ान बैठक को निर्णायक मोड़ और तियानजिन बैठक को संबंधों को स्थिर रास्ते पर लौटाने वाला कदम माना जा सकता है. उनके अनुसार, नई दिल्ली की बैठक का जोर रणनीतिक सहमति को ठोस तंत्र और परिणामों में बदलने पर है.

किन क्षेत्रों में प्रगति का जिक्र

रिपोर्ट में सीमा प्रबंधन से जुड़े समझौतों, सीमा व्यापार की बहाली, सीधी उड़ानों की बहाली और लोगों के बीच बढ़ते संपर्क को हालिया प्रगति के उदाहरण के तौर पर गिनाया गया. वांग ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व की बातचीत का उद्देश्य संबंधों को सही दिशा में बनाए रखना, मतभेदों का प्रबंधन करना और गलत आकलन के जोखिम को घटाना है.

उन्होंने सीमा मुद्दे के लिए संस्थागत तंत्र मजबूत करने, व्यावहारिक आदान-प्रदान बढ़ाने और व्यापार-निवेश को अत्यधिक सुरक्षा-केंद्रित होने से बचाने की जरूरत बताई.

रिपोर्ट के अनुसार, BRICS, SCO और G20 के जरिए जलवायु परिवर्तन, वैश्विक शासन सुधार और विकास वित्तपोषण जैसे मुद्दों पर भारत-चीन सहयोग की गुंजाइश भी बताई गई है.