प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले सप्ताह ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ हुई मुलाकात में भारत की चिंताओं को उठाया. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि दोनों देशों को एक-दूसरे की मूल चिंताओं के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए.
जायसवाल के अनुसार, मोदी ने संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए तीन ‘आपसी’ सिद्धांतों—आपसी सम्मान, आपसी हित और आपसी संवेदनशीलता—का पालन करने की बात कही. प्रधानमंत्री ने यह भी रेखांकित किया कि सीमा पर शांति और स्थिरता भारत-चीन संबंधों को आगे बढ़ाने का आवश्यक आधार है.
यह बयान चीन की ओर से जारी उस विवरण पर भारत की प्रतिक्रिया के रूप में आया, जिसमें कहा गया था कि मोदी ने तिब्बत और ताइवान पर भारत की स्थिति में बदलाव नहीं होने तथा भारतीय धरती पर चीन-विरोधी गतिविधियों की अनुमति न देने की बात कही थी. भारतीय विदेश मंत्रालय के बयान में तिब्बत या ताइवान का उल्लेख नहीं किया गया, लेकिन मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बातचीत में भारतीय चिंताओं को भी स्पष्ट रूप से रखा.
तिब्बत और ताइवान पर भारत की नीति
सरकार के अनुसार, ताइवान को लेकर भारत की नीति स्पष्ट और निरंतर रही है. भारत व्यापार, निवेश, पर्यटन, संस्कृति, शिक्षा और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में ताइवान के साथ संवाद और सहयोग को बढ़ावा देता है.
तिब्बत के मामले में भारत तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र को चीन के जनवादी गणराज्य का हिस्सा मानता है. यह रुख 2003 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और चीन के तत्कालीन प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ के बीच हुए समझौते में दर्ज किया गया था. उसी दस्तावेज में भारत के तिब्बतियों को देश में चीन-विरोधी राजनीतिक गतिविधियां करने की अनुमति न देने की बात भी कही गई थी.
चीनी विवरण में मोदी के हवाले से भारत की स्वतंत्र विदेश नीति और चीन के प्रति उसके रुख का किसी तीसरे देश से संबंध न होने की बात भी कही गई. हालांकि, इस बैठक के भारतीय विवरण में चीन के ‘दोस्त, प्रतिद्वंद्वी नहीं’ वाले पुराने सूत्र का इस्तेमाल नहीं किया गया.
