मोहाली में ED की कार्रवाई के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार सुबह ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेड पार कर GMADA परिसर में प्रवेश किया और ED टीम तक पहुंचने की कोशिश की. मौके पर तैनात CRPF जवानों ने उन्हें रोक दिया.

प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की की भी बात सामने आई है. आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने GMADA कार्यालय की खिड़कियों पर पत्थर फेंके, जिससे कुछ शीशे टूट गए. ED टीम की गाड़ियों के शीशे तोड़ने और उनके टायरों की हवा निकालने का भी दावा किया गया है. स्थिति को देखते हुए CRPF को अलर्ट पर रखा गया.

ED की कार्रवाई में किन मामलों की जांच

ED ने कार्रवाई के पहले दिन कहा था कि GMADA और पंजाब सरकार के हाउसिंग एवं अर्बन डेवलपमेंट विभाग के कार्यालयों में PMLA के तहत सर्वे किया जा रहा है. एजेंसी के मुताबिक, इसका उद्देश्य संबंधित कंपनियों से जुड़े रिकॉर्ड और सबूत जुटाना है.

जांच में तिरुपति इंफ्राप्रोजेक्ट्स से जुड़े करीब 290 करोड़ रुपये के कथित बैंक फ्रॉड को शामिल बताया गया है. एजेंसी रेडिसन ब्लू होटल प्रोजेक्ट से जुड़े लेनदेन, GMADA से कथित वैधानिक बकाया में छूट और रद्द प्लॉटों के दोबारा आवंटन की भी जांच कर रही है.

ED के अनुसार, रेमिगेट से जुड़े मामले में करीब 57 करोड़ रुपये का कथित आर्थिक लाभ और जमीन अधिग्रहण से जुड़ी कथित अनियमितताएं भी जांच के दायरे में हैं.