पंजाब के मोहाली जिले में रहने वाले टिपर ट्रक ड्राइवर बलजिंदर सिंह ने पंजाब स्टेट डियर दिवाली बंपर लॉटरी का पहला इनाम जीता है. उनके नाम 12 करोड़ रुपये की इनामी राशि निकली है. बलजिंदर डेराबस्सी इलाके के हम्यूंपुर गांव के रहने वाले हैं और टिपर ट्रक चलाने के साथ थोड़ी खेती भी करते हैं.

बलजिंदर के परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वह वर्ष 2010 से त्योहारों के दौरान लॉटरी टिकट खरीद रहे थे. उन्होंने यह आदत अपने परिवार से भी छिपाकर रखी थी और हर बार इस उम्मीद के साथ टिकट लेते थे कि किसी दिन उनकी किस्मत जरूर बदलेगी.

जीरकपुर से खरीदा था 500 रुपये का टिकट

बलजिंदर ने इस बार 500 रुपये का दिवाली बंपर टिकट मोहाली के जीरकपुर स्थित एक लॉटरी स्टोर से खरीदा था. पंजाब स्टेट डियर दिवाली बंपर 2026 का ड्रॉ 16 नवंबर को हुआ. उन्हें सोमवार रात पता चला कि पहला इनाम उनके टिकट पर निकला है.

इसके बाद वह मंगलवार को लॉटरी विभाग के कार्यालय पहुंचे और इनामी राशि हासिल करने से जुड़ी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कीं.

12 करोड़ रुपये जीतने के बाद बलजिंदर ने बताया कि वह रकम का बड़ा हिस्सा अपने दोनों बच्चों की पढ़ाई पर खर्च करना चाहते हैं. जीत की खबर गांव में पहुंचने के बाद उनके घर पर लोगों का आना-जाना शुरू हो गया. ग्रामीणों ने परिवार को बधाई दी और गांव में मिठाइयां बांटी गईं.