कांग्रेस नेता मुमताज पटेल ने पार्टी सांसद इमरान मसूद के उस आरोप से दूरी बनाई है, जिसमें उन्होंने तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को भारतीय टेस्ट टीम से बाहर किए जाने के पीछे धार्मिक भेदभाव की बात कही थी. पटेल ने कहा कि क्रिकेट में नफरत या धार्मिक विभाजन के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि टीम इंडिया में चयन खिलाड़ियों की फॉर्म और टीम की जरूरत के आधार पर होना चाहिए. उनके मुताबिक, भारतीय क्रिकेट में चयन को धर्म, राज्य, संस्कृति या जाति के आधार पर बांटने की परंपरा नहीं रही है. उन्होंने नेताओं से खेल को राजनीतिक और सांप्रदायिक बहस से अलग रखने की अपील की.
मसूद ने दावा किया था कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद सिराज को उनके नाम और पहचान की वजह से टीम में जगह नहीं मिली. बाद में उन्होंने मोहम्मद शमी और सरफराज खान का भी उल्लेख करते हुए चयन को पूरी तरह प्रदर्शन आधारित रखने की बात कही.
कांग्रेस की एक अन्य सांसद रंजीत रंजन ने भी मसूद से राजनीति और खेल को अलग रखने का आग्रह किया. पूर्व भारतीय क्रिकेटर मदन लाल ने भी भारतीय क्रिकेट में धार्मिक भेदभाव के आरोप को खारिज किया.
