RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि भारत में धर्म और राष्ट्र को अलग-अलग नहीं देखा जा सकता. मुंबई में ऑल इंडिया विहार सेवा ग्रुप के 14वें सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र का उद्देश्य धर्म है और धर्म राष्ट्र को बनाए रखने में मदद करता है. उनके अनुसार, दोनों एक-दूसरे पर निर्भर हैं. धर्म संकट में आया तो देश को उसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है.
भागवत ने कहा कि दुनिया इस समय विकास और पर्यावरण सुरक्षा के साथ-साथ व्यक्तिगत स्वतंत्रता और पारिवारिक जीवन के बीच संतुलन तलाश रही है. उन्होंने दावा किया कि भारत ने दूसरे देशों पर कब्जा करने या लोगों का धर्म बदलने की कोशिश किए बिना अपना ज्ञान दुनिया के साथ साझा किया.
उन्होंने भारत की ज्ञान परंपरा में वेद, उपनिषद, रामायण, महाभारत और गीता के साथ जैन आगम, त्रिपिटक, गुरु ग्रंथ साहिब और संतों की शिक्षाओं का भी उल्लेख किया. भागवत ने कहा कि इस ज्ञान की आज दुनिया को जरूरत है और भक्ति के जरिए ईश्वर के करीब पहुंचा जा सकता है.
RSS प्रमुख के मुताबिक, इन परंपराओं और उन्हें आगे बढ़ाने वाले लोगों के जीवन की रक्षा केवल धार्मिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवता की सेवा भी है. उन्होंने इसे मानव जाति के सुरक्षित भविष्य से जोड़ते हुए कहा कि यह सिर्फ एक जीवन की रक्षा का विषय नहीं है.
शाम को भागवत ने मुंबई के प्रभादेवी स्थित रवींद्र नाट्य मंदिर में ‘ज्ञानरंग : ज्ञानेश्वरी’ मोबाइल ऐप का लोकार्पण किया. यह कार्यक्रम संत ज्ञानेश्वर महाराज के 750वें जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित किया गया था.
इस दौरान उन्होंने भारतीय पहचान का उदाहरण देते हुए कहा कि अलग-अलग राज्यों, भाषाओं और पूजा-पद्धतियों के बावजूद विदेश में भारतीयों की पहचान भारत के रूप में होती है. उन्होंने नागपुर, मुंबई और उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि अमेरिका पहुंचने पर अलग-अलग क्षेत्रीय पहचान रखने वाले लोग खुद को भारतीय बताते हैं.
