RSS प्रमुख मोहन भागवत ने बुधवार, 25 नवंबर को कहा कि दुनिया की कोई ताकत नहीं चाहती कि भारत आगे बढ़े. उन्होंने आरोप लगाया कि वैश्विक शक्तियां अपना दबदबा कायम रखना चाहती हैं और दूसरों को दबाव में रखने के सिद्धांत पर विश्वास करती हैं.
भागवत महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पांचवें पद्मा फेस्टिवल के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि अगर भारत आगे बढ़ता है तो कुछ वैश्विक शक्तियों के हित प्रभावित होंगे, क्योंकि भारत सभी की मदद करना चाहता है. उनके अनुसार, भारत उन पड़ोसी देशों की भी सहायता करता है जो उससे नफरत करते हैं.
युवाओं को लेकर भागवत और अनिल चौहान की बात
RSS प्रमुख ने कहा कि युवा पीढ़ी गुलामी के असर से मुक्त है. उन्होंने कहा कि युवा झूठ से नफरत करते हैं और ईमानदारी से बोलने वाले व्यक्ति के साथ खड़े होने के लिए तैयार रहते हैं. भागवत के मुताबिक, युवा अपने देश को महान बनाना चाहते हैं.
कार्यक्रम में मौजूद पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने कहा कि युवा ‘विकसित भारत’ के सबसे बड़े योगदानकर्ता और लाभार्थी होंगे.
तीन दिवसीय पद्मा फेस्टिवल
ज्ञानयज्ञ फाउंडेशन की ओर से आयोजित यह तीन दिवसीय फेस्टिवल बीड बायपास रोड स्थित MIT कैंपस के मंथन हॉल में हो रहा है. आयोजकों के अनुसार, इसमें अलग-अलग क्षेत्रों के पद्म पुरस्कार विजेताओं के साथ संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे. बुधवार दोपहर से पद्म श्री पुरस्कार विजेताओं के संवाद कार्यक्रम शुरू होने की जानकारी दी गई.
