राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा है कि जो व्यक्ति भारत में मुसलमानों के नहीं होने की बात सोचता है, वह हिंदू नहीं रह सकता. न्यूयॉर्क में आयोजित ‘वन वर्ल्ड वन ह्यूमैनिटी’ कार्यक्रम में उन्होंने हिंदू होने को हर मनुष्य की गरिमा स्वीकार करने और अलग-अलग रास्तों को एक ही लक्ष्य तक पहुंचने वाला मानने से जोड़ा.
भागवत ने कहा, “अगर कोई हिंदू सोचता है कि भारत में कोई मुसलमान नहीं होना चाहिए, तो वह हिंदू नहीं रहेगा.” उनके अनुसार, हिंदू कहलाने के लिए यह मानना जरूरी है कि हर व्यक्ति की गरिमा है और इंसानों में कोई भेद नहीं है.
हिंदुत्व पर सवाल के संदर्भ में टिप्पणी
RSS प्रमुख ने बताया कि यह बात उन्होंने कुछ मुसलमानों के साथ हिंदुत्व को लेकर हुई बातचीत के संदर्भ में कही. उन्होंने भारत की पारंपरिक सोच को “मानवता की एकता” पर आधारित बताया और कहा कि अलग-अलग धर्मों के तौर-तरीके भले अलग हों, लेकिन मानवता एक है.
भागवत ने कहा कि सत्य एक है, लेकिन लोग उसे अपनी समझ और अभिव्यक्ति के अनुसार अलग-अलग ढंग से बताते हैं. उनके मुताबिक, आज धर्मों की पहचान काफी हद तक कर्मकांडों से की जाती है, जबकि धार्मिक अनुशासन का अपना महत्व होने के बावजूद मानवता के व्यापक विचार को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए.
राजनीति के बजाय समाज से बदलाव की बात
कार्यक्रम में भागवत ने कहा कि सकारात्मक बदलाव की शुरुआत समाज से होनी चाहिए, केवल राजनीति से नहीं. उन्होंने कहा कि भारत के संविधान में भी ऐसे मूल्यों पर जोर है, लेकिन इन्हें व्यवहार में उतारने के लिए समाज को लगातार शिक्षित करने की जरूरत है.
उन्होंने राजनीति को अब स्वार्थ का खेल बनने पर चिंता जताई. भागवत के अनुसार, लोकतंत्र में जनमत प्रभावी हो तो राजनीतिक नेता उसके विरुद्ध जाने का साहस नहीं करेंगे. उन्होंने स्थानीय स्तर पर निस्वार्थ सेवा और एकता का माहौल बनाने की अपील की.
भागवत ने कहा कि समाज को लगातार जागरूक नहीं रखा गया तो उसमें भटकाव आ सकता है. उन्होंने इसे इतिहास के दौरान हुए बदलावों और विदेशी आक्रमणों से जोड़ते हुए कहा कि देश और समाज ने इस क्रम में बहुत कुछ खोया.
चर्खी दादरी हादसे का उदाहरण
RSS प्रमुख ने 1996 के चर्खी दादरी विमान टक्कर हादसे का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि हादसे के बाद RSS स्वयंसेवक मौके पर पहुंचे और मृतकों के शवों की बरामदगी, पहचान तथा उनके परिजनों की मदद में जुटे. भागवत के मुताबिक, उस समय स्वयंसेवकों ने यह नहीं देखा कि मृतकों में बड़ी संख्या मुसलमानों की थी.
उन्होंने दावा किया कि RSS चुनावी राजनीति में नहीं है और सेवा कार्यों के बदले किसी लाभ या प्रचार की अपेक्षा नहीं रखता. साथ ही उन्होंने कहा कि संगठन के बारे में कई धारणाएं “गलत नैरेटिव” से बनती हैं.
भागवत अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन के दौरे पर हैं. यह यात्रा RSS के शताब्दी वर्ष से जुड़े वैश्विक संपर्क कार्यक्रमों के तहत आयोजित की गई है.
