भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से वापसी के लिए परिस्थितियां 19 सितंबर के आसपास अनुकूल हो सकती हैं. विभाग ने बताया कि 14 से 18 सितंबर के बीच पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं से लेकर छिटपुट बारिश हो सकती है. इसके बाद 19 और 20 सितंबर को क्षेत्र के शुष्क रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग के मुताबिक, 14 सितंबर को सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई. पूर्वी राजस्थान में भी कुछ जगहों पर वर्षा हुई. पश्चिमी राजस्थान में 14 से 16 सितंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. हवा के झोंकों की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
राजस्थान और मध्य प्रदेश में बारिश का असर
दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और उससे लगे उत्तर गुजरात क्षेत्र पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र मौसम को प्रभावित कर रहा है. इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है. IMD के अनुसार, मानसून द्रोणिका नलिया, निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र, राजगढ़, दमोह, पेंड्रा रोड, राउरकेला और दीघा से होकर गुजर रही है तथा आगे उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रही है.
पूर्वी राजस्थान में 20 सितंबर तक कहीं-कहीं से लेकर छिटपुट बारिश जारी रह सकती है. इस अवधि में पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी बारिश का अनुमान है.
14 सितंबर को सौराष्ट्र और कच्छ में भारी से बहुत भारी बारिश तथा अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है. गुजरात क्षेत्र में भी भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है. केरल और माहे, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तराखंड तथा पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
