पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में जिलाधिकारी सौरभ सुमन औचक निरीक्षण के दौरान सरकारी स्कूल के बच्चों को पढ़ाने लगे. अरेराज प्रखंड के मलाही स्थित मॉडल स्कूल ‘सरस्वती विद्या निकेतन’ में उन्होंने नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों को करीब एक घंटे तक गणित, हिंदी और अंग्रेजी पढ़ाई.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जिलाधिकारी दोपहर करीब 1:15 बजे स्कूल पहुंचे थे. निरीक्षण के दौरान उन्होंने पढ़ाई के स्तर का जायजा लिया और बिहार सरकार के ‘शिक्षा साथी ऐप’ के इस्तेमाल की समीक्षा की. इसके बाद वे नौवीं कक्षा में पहुंचे और ब्लैकबोर्ड पर गणित के कठिन सवालों को आसान तरीके से समझाया.
उन्होंने विद्यार्थियों से सवाल भी पूछे, जिनका बच्चों ने जवाब दिया. गणित के अलावा जिलाधिकारी ने हिंदी और अंग्रेजी से जुड़े भाषा तथा व्याकरण के विषयों पर भी छात्रों से बातचीत की. उनके कक्षा लेने से विद्यार्थी उत्साहित नजर आए.
कक्षा समाप्त होने के बाद बच्चों ने जिलाधिकारी से अगली बार फिर पढ़ाने आने का अनुरोध किया. रिपोर्ट के मुताबिक, सौरभ सुमन ने कहा कि क्षेत्र के दौरे पर आने पर वे बच्चों के साथ समय बिताने और उन्हें पढ़ाने के लिए स्कूल लौटेंगे.
स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था देखने के बाद जिलाधिकारी ने शिक्षकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने को कहा. उन्होंने शिक्षकों को केवल औपचारिक पढ़ाई तक सीमित न रहने और बच्चों की जरूरतों का अभिभावक की तरह ध्यान रखने का निर्देश दिया.
