नेपाल के माउंट मनास्लु पर शनिवार रात कैंप 3 में हिमस्खलन की चपेट में आने से दो पर्वतारोहियों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान जर्मनी में रहने वाले भारतीय मूल के पर्वतारोही ध्रुव ज्योति गुहा और नेपाल के मक||||ु क्षेत्र के अनुभवी पर्वतीय गाइड फुर्सेम्बा शेरपा के रूप में हुई है. यह जानकारी अभियान आयोजकों के हवाले से सामने आई है.

अभियान का संचालन करने वाली कंपनी के प्रबंध निदेशक मोहन लामसल के अनुसार, दोनों खराब मौसम के बावजूद कैंप 2 से ऊंचे कैंप की ओर बढ़े थे. शनिवार रात उनका टेंट भारी हिमस्खलन की चपेट में आ गया और दोनों बर्फ में दब गए.

अभियान आयोजकों से दोनों का संपर्क टूटने के बाद कैंप 3 के लिए बचाव दल भेजा गया. दल को दोनों के शव करीब सात फीट बर्फ के नीचे मिले. बताया गया कि उनका आखिरी संपर्क शनिवार रात हुआ था.

इसी अभियान से जुड़े छह अन्य पर्वतारोही खराब मौसम के कारण कैंप 2 से वापस लौट गए थे और सुरक्षित रहे. आयोजकों के अनुसार, शवों को बेस कैंप तक लाने का प्रयास किया जा रहा था. मौसम अनुकूल रहा तो उन्हें सोमवार को बेस कैंप से काठमांडू ले जाने की योजना थी.

इस सीजन में चार मौतें

ध्रुव ज्योति गुहा और फुर्सेम्बा शेरपा की मौत के बाद इस चढ़ाई सत्र में मनास्लु पर मरने वालों की संख्या चार हो गई है. इससे पहले एक सिंगापुरी पर्वतारोही और एक नेपाली गाइड की अलग-अलग घटनाओं में मौत हुई थी.

माउंट मनास्लु दुनिया की आठवीं सबसे ऊंची चोटी है और इसकी ऊंचाई 8,163 मीटर है. यह नेपाल के गोरखा जिले में, हिमालय क्षेत्र में, अन्नपूर्णा पर्वतमाला से करीब 65 किलोमीटर पूर्व स्थित है.