मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को हाई-स्पीड ट्रेन से उतरने के बाद रेलवे, मेट्रो, बस, टैक्सी और स्थानीय परिवहन सेवाओं तक पहुंचने के लिए अलग-अलग लंबी दूरी तय नहीं करनी होगी. नेशनल हाई-स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड के अनुसार, साबरमती स्टेशन को मल्टीमॉडल हब के रूप में विकसित किया जा रहा है.

508 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में मुंबई के BKC, ठाणे, विरार, बोईसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद और साबरमती समेत 12 स्टेशन होंगे. ट्रेन की अधिकतम परिचालन गति 320 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित है.

साबरमती में कई परिवहन साधनों का एकीकरण

साबरमती HSR स्टेशन के पास मौजूदा रेलवे स्टेशनों, मेट्रो और BRTS को जोड़ने के लिए मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब बनाया जा रहा है. प्रस्तावित फुट ओवरब्रिज और ट्रैवलेटर यात्रियों को इन सुविधाओं के बीच स्थानांतरण में मदद करेंगे.

अहमदाबाद, वडोदरा, साबरमती और सूरत स्टेशनों को भी मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी के साथ विकसित किया जा रहा है. गुजरात के कई स्टेशनों का ढांचागत काम पूरा हो चुका है, जबकि आंतरिक सज्जा और अन्य यात्री सुविधाओं का काम जारी है.