श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, महाराष्ट्र सरकार के सहयोग से मुंबई में बिल्डिंग एंड अदर कंस्ट्रक्शन वर्कर्स (BOCW) पर राष्ट्रीय परिषद आयोजित करेगा. दो दिवसीय कार्यक्रम 11 और 12 सितंबर को होगा. परिषद की अध्यक्षता केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया करेंगे.

कार्यक्रम में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे के साथ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के श्रम मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी तथा BOCW कल्याण बोर्डों के अध्यक्ष और सचिव शामिल होंगे.

श्रमिक पंजीकरण और कल्याण योजनाओं पर चर्चा

परिषद में BOCW ढांचे, कल्याण बोर्डों की कार्यप्रणाली और नए श्रम संहिताओं के लागू होने के बाद सामने आने वाली प्राथमिकताओं पर विचार किया जाएगा. चर्चा के विषयों में बोर्डों की वैधानिक जिम्मेदारियां, श्रमिक पंजीकरण, कल्याणकारी लाभों का वितरण, निगरानी और कल्याण निधि का उपयोग शामिल हैं.

राज्य BOCW कल्याण बोर्डों की नई पहलों और सफल हस्तक्षेपों का आदान-प्रदान भी कार्यक्रम का प्रमुख हिस्सा होगा. इसका उद्देश्य ऐसे तरीकों की पहचान करना है, जिन्हें दूसरे राज्यों में अपनाकर निर्माण श्रमिकों तक कल्याण योजनाओं की पहुंच और प्रभावशीलता बढ़ाई जा सके.

तीन डिजिटल पहलों की प्रगति की समीक्षा

परिषद में नवंबर 2025 में नई दिल्ली में हुई राष्ट्रीय श्रम परिषद में शुरू की गई तीन पहलों की प्रगति की समीक्षा भी होगी. इनमें राज्य BOCW डिजिटल लेबर चौक, लेबर चौक-कम-सुविधा केंद्र और ऑनलाइन BOCW सेस कलेक्शन पोर्टल शामिल हैं.

इन पहलों का उद्देश्य रोजगार से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करना, श्रमिक-केंद्रित सेवाओं को अधिक सुलभ बनाना तथा सेस संग्रह और निगरानी में पारदर्शिता व दक्षता बढ़ाना है. सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय श्रम गतिशीलता मार्गों, कौशल एवं रोजगार के अवसरों, श्रम आंकड़ों और लेबर स्टैक पर भी चर्चा होगी.