मुंबई के चेंबूर इलाके में कई आवारा बिल्लियां और उनके बच्चे मृत या घायल हालत में मिले हैं. मामले में आरसीएफ पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है. पशु अधिकार संगठन PETA India ने आरोपी की जानकारी देने वाले को ₹50 हजार का इनाम देने की घोषणा की है.
शिकायतकर्ता रुबीना अब्दुल मलिक पठान के मुताबिक, 3 सितंबर को इलाके में चार बिल्लियां मृत मिली थीं. रुबीना पिछले 5-6 वर्षों से क्षेत्र की आवारा बिल्लियों को खाना खिलाने और उनके इलाज में मदद करती हैं.
6 सितंबर की सुबह शनि मंदिर के पास उन्हें एक बिल्ली और उसका बच्चा खून से लथपथ मिले. दोनों के सिर पर चोट के निशान थे. घावों को देखकर आशंका जताई गई कि उन्हें किसी भारी या धारदार वस्तु से चोट पहुंचाई गई होगी.
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
PETA India और अन्य पशु कल्याण संगठनों से संपर्क के बाद 6 सितंबर को मिले दोनों बिल्लियों के शव पोस्टमार्टम और आगे की जांच के लिए परेल स्थित एक पशु अस्पताल भेजे गए.
पूजा श्रीवास्तव की मदद से रुबीना ने आरसीएफ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
PETA India ने पुलिस से जांच में तेजी लाने और इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने की मांग की है. आरोपी की पहचान और बिल्लियों की मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.
