मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह एक BMW फ्लाईओवर से नीचे गिर गई. हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 साल का एक युवक गंभीर रूप से घायल है. उसका नायर अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में इलाज चल रहा है.

पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:20 बजे हुआ. काले रंग की BMW मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी. शुरुआती जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार के चलते चालक ने कार पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद BMW फ्लाईओवर से नीचे गिर गई. टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

नायर अस्पताल के चीफ मेडिकल ऑफिसर के मुताबिक, मृतकों में 21 साल के शनाय गज्जल और 17 साल के धिर्या सेठ की पहचान हुई है. तीसरे मृतक की उम्र करीब 25 साल बताई गई है, लेकिन उसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है.

घटना के बाद शुरुआती तौर पर चार लोगों के कुचले जाने की जानकारी सामने आई थी. हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार हादसे में तीन लोगों की मौत हुई और एक घायल युवक का इलाज जारी है.

मुंबई कोस्टल रोड 10.58 किलोमीटर लंबी सड़क है, जो दक्षिण मुंबई के मरीन ड्राइव को बांद्रा-वर्ली सी लिंक के वर्ली छोर से जोड़ती है. पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है.