मुंबई में गणेश विसर्जन के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. पर्यावरण-अनुकूल विसर्जन के लिए शहर में 278 स्थानों पर 383 कृत्रिम तालाब बनाए गए हैं. विसर्जन व्यवस्था संभालने के लिए करीब 25 हजार कर्मचारियों की तैनाती की गई है.
12 दिन का गणेश उत्सव 14 सितंबर से शुरू हुआ है और 25 सितंबर को समाप्त होगा. सार्वजनिक गणेश मंडलों की ज्यादातर मूर्तियों का विसर्जन अंतिम दिन होने की संभावना है, जबकि घरों में स्थापित मूर्तियों का विसर्जन दूसरे दिन से शुरू हो गया था.
कृत्रिम और प्राकृतिक विसर्जन स्थल
BMC के मुताबिक, 6 फीट तक की मूर्तियों का विसर्जन कृत्रिम तालाबों में करना जरूरी है. यह व्यवस्था बॉम्बे हाईकोर्ट के 20 अगस्त 2026 के निर्देशों के अनुरूप बताई गई है. 6 फीट से बड़ी मूर्तियों के लिए 67 प्राकृतिक विसर्जन स्थलों पर इंतजाम किए गए हैं. इनमें 44 समुद्र तट और जेटी तथा 23 प्राकृतिक झीलें शामिल हैं. नगर निगम ने नागरिकों से प्राकृतिक जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने के लिए कृत्रिम तालाबों का इस्तेमाल करने की अपील की है.
समुद्र तटों पर रेत के ऊपर 1,194 स्टील प्लेटें बिछाई गई हैं. चौपाटियों और अन्य तटीय स्थलों पर 23 जर्मन राफ्ट, 34 क्रेन, 85 एम्बुलेंस और 10 मोटरबोट तैयार रखी गई हैं. सुरक्षा के लिए 1,132 लाइफगार्ड तैनात किए गए हैं.
पूजा सामग्री के संग्रह के लिए 498 निर्माल्य कलश और 326 निर्माल्य डंपर लगाए गए हैं. भीड़ और गतिविधियों की निगरानी के लिए 228 कंट्रोल रूम तथा 75 ऑब्जर्वेशन टावर बनाए गए हैं. गिरगांव चौपाटी के स्वराज्यभूमि विसर्जन स्थल पर 12 कृत्रिम तालाब, 20 ऑब्जर्वेशन टावर, 22 राफ्ट, 90 टॉयलेट, तीन एम्बुलेंस और करीब 1,000 कर्मचारी तैनात किए गए हैं.
रास्तों और स्वयंसेवकों की तैयारी
विसर्जन मार्गों पर 281 जगहों से बाधा बन रहे केबल हटाए गए हैं. 506 सड़कों पर 4,279 गड्ढे और 171 ड्रेनेज कवर ठीक किए गए हैं, जबकि 515 जगहों पर पेड़ों की छंटाई की गई है.
आपदा प्रबंधन विभाग ने प्रत्येक सार्वजनिक गणेश मंडल के कम से कम 8 से 10 स्वयंसेवकों को भीड़ प्रबंधन, बिजली हादसों, आग और मेडिकल इमरजेंसी से निपटने का प्रशिक्षण दिया है. उन्हें फर्स्ट एड और CPR की ट्रेनिंग भी दी गई है.
BMC ने समुद्र में उतरते समय सावधानी बरतने को कहा है. नगर निगम के अनुसार, मुंबई के समुद्र तटों पर ब्लू-बटन जेलीफिश और स्टिंगरे मौजूद हैं.
पर्यावरणीय पहल के तहत ‘वन गणपति, वन ट्री’ योजना शुरू की गई है. इसके अंतर्गत विसर्जित की जाने वाली गणेश मूर्तियों की संख्या के बराबर पेड़ लगाने की योजना है. मूर्तिकारों को 940 मीट्रिक टन से अधिक शाडू मिट्टी और 25,400 लीटर पर्यावरण-अनुकूल रंग उपलब्ध कराए गए हैं.
