मुंबई में आगामी गणेशोत्सव के दौरान छह फीट से छोटी गणेश मूर्तियों का विसर्जन कृत्रिम तालाबों में करना अनिवार्य होगा. बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने मंगलवार को बताया कि यह व्यवस्था हाई कोर्ट के निर्देशों के तहत लागू की जाएगी. 10 दिवसीय गणेश उत्सव 14 सितंबर से शुरू होना है.

बीएमसी के अनुसार, हाई कोर्ट के 20 अगस्त 2026 के निर्देशों के तहत 24 जुलाई 2025 के आदेश का पालन किया जाना है. यह व्यवस्था जनहित याचिका पर अंतिम निर्णय आने तक प्रभावी रहेगी. बीएमसी ने यह जानकारी अपने मुख्यालय में हुई समीक्षा बैठक के बाद जारी एक बयान में दी. बैठक में गणेश मंडलों के पदाधिकारी, मूर्ति निर्माता, पुलिस और ट्रैफिक विभाग के अधिकारी शामिल हुए.

348 विसर्जन स्थलों पर इंतजाम

नागरिक निकाय ने बताया कि इस साल मुंबई में कुल 348 विसर्जन स्थल उपलब्ध होंगे. इनमें 281 कृत्रिम तालाब, 44 समुद्र तट और जेटी तथा 23 प्राकृतिक झीलें शामिल हैं. कृत्रिम तालाबों की लोकेशन नागरिकों को QR कोड और Google Maps के जरिये उपलब्ध कराई जाएगी.

विसर्जन स्थलों पर 1,132 लाइफगार्ड, 85 एंबुलेंस, 34 क्रेन और 10 मोटर बोट तैनात की जाएंगी. फूल-मालाओं और अन्य पूजा सामग्री के अवशेष जमा करने के लिए 498 निर्माल्य कलश और 326 निर्माल्य डंपर भी रखे जाएंगे. रात में निगरानी और सुरक्षा के लिए 6,052 फ्लडलाइट और सर्चलाइट लगाए जाने की बात बीएमसी ने कही है.

जुलूस और यातायात मार्गों पर भी तैयारी

बीएमसी के मुताबिक, मूर्ति आगमन और विसर्जन के रास्तों पर 506 सड़कों में 4,279 गड्ढों और 171 नाले के ढक्कनों की मरम्मत की गई है. इसके अलावा 281 स्थानों पर बाधा बन रहे केबल हटाए गए हैं और 515 जगहों पर पेड़ों की छंटाई की गई है.

नागरिक निकाय ने पर्यावरण अनुकूल उत्सव को बढ़ावा देने के लिए मूर्ति निर्माताओं को 858 टन शाडू मिट्टी और 25,400 लीटर पर्यावरण अनुकूल पेंट मुफ्त उपलब्ध कराया है. ऑनलाइन सिंगल-विंडो प्रणाली के जरिये अब तक 1,136 मूर्ति निर्माताओं को अनुमति दी जा चुकी है.

2026 के सार्वजनिक गणेश मंडलों के लिए बीएमसी को 1,885 आवेदन मिले हैं. इन आवेदनों की पुलिस और नागरिक अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है.

मंडलों के पास स्वास्थ्य जांच शिविर

मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने बताया कि उत्सव के दौरान सार्वजनिक गणपति मंडलों के पास ‘श्री गणेशा आरोग्याचा’ पहल के तहत मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे. इनमें सामान्य स्वास्थ्य और आंखों की जांच, जरूरतमंद लोगों को चश्मे का वितरण तथा महिलाओं के लिए स्तन कैंसर की जांच शामिल होगी.

मेयर ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की व्यवस्था और मूर्ति आगमन व विसर्जन के दौरान यातायात सुचारू रखने के निर्देश दिए. उन्होंने सड़कों और ट्रैफिक सिग्नलों का निरीक्षण करने तथा अधिक भीड़ वाले स्थानों पर महिलाओं के लिए ‘हिरकणी’ कक्ष और शौचालय चौबीसों घंटे खुले रखने को भी कहा.