मुंबई के गोरेगांव में कपड़े और अन्य सामान बिना अनुमति इस्तेमाल करने को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 26 वर्षीय सूरज डोले के रूप में हुई है. मामले में बाबासाहेब उर्फ सुबोध वाघमारे को आरोपी बनाया गया है.
घटना 9 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे एस.वी. रोड पर King Studio के सामने हुई. शिकायत के अनुसार, डोले और वाघमारे के बीच बहस चल रही थी. उनके दोस्त सुधांशु पांडेय ने बीच-बचाव कर झगड़े की वजह पूछी.
पुलिस को दी गई शिकायत में कहा गया है कि वाघमारे ने डोले पर अपने कपड़े और अन्य सामान बिना पूछे इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था. उसने यह भी कहा कि डोले उसका कपड़ों से भरा बैग ले गया था और वापस नहीं किया.
FIR के मुताबिक, बहस के दौरान डोले ने कथित तौर पर वाघमारे को गाली दी. इसके बाद वाघमारे ने पहले हाथों से हमला किया और फिर फुटपाथ पर पड़ा पत्थर उठाकर डोले के चेहरे पर वार किया. गंभीर चोट लगने और खून बहने के बाद डोले की मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, आरोपी घटनास्थल से भाग गया था. मामले की जांच जारी है.
