मुंबई के जोगेश्वरी ईस्ट इलाके में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए बनाए गए कृत्रिम कुंड में करंट फैलने से एक कर्मचारी की मौत हो गई. हादसा लिली व्हाइट बिल्डिंग के पास स्थित श्यामनगर तालाब में दोपहर करीब 12:20 बजे हुआ.
मृतक की पहचान रोहित भीमू राठौड़ के रूप में हुई है. वह कॉन्ट्रैक्टर द्वारा नियुक्त कर्मचारी थे. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, राठौड़ कुंड में उतरे थे. इसी दौरान करंट की चपेट में आने के बाद उन्हें स्थानीय ट्रॉमा केयर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
BMC के अनुसार, श्यामनगर तालाब में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए पांच कृत्रिम कुंड बनाए गए थे. इनमें से चार कुंड आधी रात के बाद बंद कर दिए गए थे. हादसा किस वजह से हुआ और बंद किए गए कुंड में बिजली का प्रवाह कैसे पहुंचा, इसकी विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है.
लालबाग में भी करंट की घटना
इससे पहले 19 सितंबर की देर रात मुंबई के कालाचौकी इलाके में करंट लगने की घटना में आठ साल की बच्ची और एक महिला की मौत हुई थी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दत्ताराम लाड मार्ग पर सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल के महागणपति पंडाल के प्रवेश द्वार के पास अस्थायी पानी और कोल्ड ड्रिंक स्टॉल पर करंट पाया गया था. घटना में चार लोग घायल भी हुए थे.
