मुंबई के मीरा-भायंदर स्थित तपोवन विद्यालय में घर से लाए टिफिन में हरी मेथी की सब्जी खाने से एक छात्र को रोकने और उससे ₹20 लेने की शिकायत सामने आई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, छात्र की नोटबुक में लिखा गया कि “Green Methi is Not Allowed.” इसके बाद उसे घर का खाना खाने के बजाय स्कूल कैंटीन से भोजन दिया गया और ₹20 लिए गए.

यह स्पष्ट नहीं है कि यह राशि कैंटीन के भोजन की कीमत थी या जुर्माने के तौर पर ली गई. इसी बिंदु को लेकर अभिभावकों और स्थानीय संगठनों ने सवाल उठाए हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना ने शिक्षा विभाग से मामले की जांच की मांग की है. संगठन ने आरोप लगाया कि स्कूल ने टिफिन में कुछ अन्य खाद्य पदार्थों पर भी प्रतिबंध लगाए हैं और नियमों के उल्लंघन पर जुर्माने की बात कही गई है.

शिक्षा विभाग ने स्कूल को नोटिस भेजकर मेथी पर रोक लगाने का नियम, छात्रों से पैसे लेने का आधार और टिफिन संबंधी निर्देशों की जानकारी मांगी है. स्कूल का आधिकारिक पक्ष अभी सामने नहीं आया है.