मुंबई को पानी देने वाले जलाशयों में जलस्तर 95% होने के बावजूद 10% पानी कटौती जारी रखने के प्रशासन के फैसले पर महानगरपालिका की स्थायी समिति में सर्वदलीय नगरसेवकों ने नाराजगी जताई. सदस्यों ने कटौती तत्काल वापस लेने की मांग की, हालांकि प्रशासन ने फिलहाल इसमें बदलाव के संकेत नहीं दिए.

पानी के वैकल्पिक स्रोतों पर चर्चा

बैठक में पानी की कमी दूर करने के लिए कुओं को महानगरपालिका के नियंत्रण में लेने, उनकी सफाई कराने और अवैध पानी कनेक्शन हटाने के सुझाव दिए गए. नगरसेवकों ने उपग्रह की मदद से पानी के स्रोत तलाशने और मुंबई की पुरानी पाइपलाइनों को बदलने की मांग भी रखी.

नगरसेवकों ने बताया कि 2009 में अतिरिक्त निधि से खोदी गई कुछ बोरवेल प्रशासन ने सील कर दी थीं. इन्हें दोबारा खोलने का सुझाव भी दिया गया. पानी बचाने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया. महानगरपालिका के करीब 6,500 किलोमीटर लंबे पाइपलाइन नेटवर्क का मैपिंग कार्य जारी है.

अतिरिक्त आयुक्त बिपीन शर्मा ने कहा कि सितंबर में बारिश कम होने पर स्थिति गंभीर हो सकती है, इसलिए उपलब्ध पानी का सावधानी से इस्तेमाल करना जरूरी है. बैठक में यह भी बताया गया कि जलाशयों का जलस्तर हर तीन दिन में करीब एक मीटर घट रहा है.

स्थायी समिति अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे ने कहा कि लगातार आने वाले चार त्योहारों को देखते हुए पानी का नियोजन जरूरी है. उन्होंने टैंकरों से होने वाली आपूर्ति और कथित ‘टैंकर लॉबी’ पर नियंत्रण की जरूरत भी बताई.