मुंगेली जिले के फास्टरपुर-सेतगंगा थाना क्षेत्र के ग्राम शुक्लाभाठा में जुआ कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर हमला और लूटपाट के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से ₹2,500 बरामद किए गए हैं. सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
पुलिस के मुताबिक, दीपावली के दौरान जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ‘ऑपरेशन बाज’ चलाया जा रहा था. इसी अभियान के तहत 7 नवंबर 2026 की रात करीब 8:53 बजे शुक्लाभाठा में जुआ खेले जाने की सूचना मिली. पुलिस टीम गवाहों और स्टाफ के साथ सरकारी वाहन से मौके पर पहुंची, जहां कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर ‘काटपत्ती’ खेल रहे थे.
पुलिस का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान पकड़े गए जुआरियों को छुड़ाने के लिए कुछ लोग मौके पर पहुंचे. उन्होंने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और धमकी देने के बाद हाथ-मुक्कों व थप्पड़ों से मारपीट की. आरोप के मुताबिक, जुआ फड़ से बरामद सामग्री और रकम के अलावा पुलिसकर्मियों के पास मौजूद पैसे भी ले लिए गए. इस घटना में कुल ₹4,470 की लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी.
प्रधान आरक्षक मनोज साहू की रिपोर्ट पर फास्टरपुर-सेतगंगा थाने में अपराध क्रमांक 156/2026 दर्ज किया गया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के घरों पर दबिश दी गई.
गिरफ्तार आरोपियों में शैलेन्द्र उर्फ मुच्चु, प्यारेलाल साहू, गोविंद गबेल, उमेश उर्फ चन्द्रकुमार गबेल, खोमप्रसाद गबेल, शिवप्रसाद गबेल और कमलेश कुमार साहू शामिल हैं. आठवां आरोपी विधि से संघर्षरत बालक है. पुलिस ने कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
