मुंगेली जिले के सरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पेण्ड्री ‘स’ में तुलसी साहू की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे 2025 के सरपंच चुनाव में हुई हार की रंजिश थी. सभी आरोपियों को 30 अक्टूबर 2026 को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. मामले में कुछ अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है.
पुलिस की विवेचना के मुताबिक, ग्राम पेण्ड्री ‘स’ निवासी धनीराम साहू चुनाव में महज 8-9 वोटों से हार गया था. झुलुराम वर्मा सरपंच निर्वाचित हुए थे और तुलसी साहू मतगणना अभिकर्ता था. धनीराम को संदेह था कि तुलसी ने मतगणना के दौरान कुछ वोट जानबूझकर निरस्त करवाए थे. पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश में धनीराम ने अपने साले भुवन साहू के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची.
अपहरण और हत्या का पुलिसिया घटनाक्रम
पुलिस के अनुसार, तुलसी के अपहरण के लिए 1.20 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था और 70 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे. 25 अक्टूबर 2026 की शाम सुरेंद्र जोशी अपने साथियों के साथ निशान कार से पेण्ड्री ‘स’ पहुंचा. रात करीब 7 बजे तुलसी के मोटरसाइकिल से निकलने पर उसका पीछा किया गया और जय भोलेनाथ राइस मिल के पास उसे कार में बैठा लिया गया.
पुलिस का दावा है कि तुलसी को गांव के एक ट्यूबवेल के पंप हाउस में ले जाकर चुनाव में कथित धांधली स्वीकार करने वाला शपथपत्र लिखवाया गया और उसका वीडियो बनाया गया. इसके बाद उसके पैर बिजली के तार से बांधकर गमछे से गला घोंट दिया गया. शव को मोटरसाइकिल से गणेश मिनरल्स के पास सड़क किनारे कीचड़ और झाड़ियों में छिपाने की बात जांच में सामने आई है.
26 अक्टूबर को परिजनों ने तुलसी के लापता होने की सूचना सरगांव थाने में दी. तलाश के दौरान उसकी मोटरसाइकिल और बाद में शव बरामद हुआ. पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया.
पांच आरोपी और जब्ती
गिरफ्तार आरोपियों में धनीराम साहू, भुवन साहू, ओम उर्फ ओमनारायण राजपूत, टीकाराम साहू और बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र निवासी सुरेंद्र जोशी शामिल हैं. पुलिस ने बिजली के तार के टुकड़े, जूते, जैकेट, मोबाइल फोन, चार्जर, स्टाम्प पेपर, वीडियो, मोटरसाइकिल, निशान कार और 10 हजार रुपये बरामद करने का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना से मामले का खुलासा हुआ.
