मुंगेर जिले में सरकारी नलकूपों की खराब स्थिति से किसानों के सामने सिंचाई का संकट बना हुआ है. राजकीय नलकूप योजना के तहत जिले में 45 नलकूप लगाए गए हैं, जिनमें 34 ही फिलहाल चालू बताए जा रहे हैं. 11 नलकूप लंबे समय से मरम्मत का इंतजार कर रहे हैं.

लघु सिंचाई विभाग के अनुसार, इन खराब नलकूपों की मरम्मत के लिए करीब 90 लाख रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया है. हालांकि, मरम्मत कार्य शुरू नहीं होने से संबंधित इलाकों के किसानों को खेती के लिए निजी सिंचाई साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है.

निजी नलकूप योजना में भी लंबित दावे

मुख्यमंत्री निजी नलकूप योजना के तहत मुंगेर जिले में 738 किसानों ने लाभ के लिए दावा किया था. इनमें 610 किसानों को योजना का लाभ मिल चुका है, जबकि 110 दावे लंबित हैं. 18 दावों को अस्वीकृत किया गया है.

किसानों ने खराब सरकारी नलकूपों की जल्द मरम्मत, लंबित दावों के निपटारे और अस्वीकृत आवेदनों की पारदर्शी समीक्षा की मांग की है. विभाग ने बताया है कि मरम्मत के लिए तैयार प्राक्कलन स्वीकृत होने के बाद काम कराया जाएगा.