गाजियाबाद के मुरादनगर में विवाहिता आकृति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति गौरव को गिरफ्तार किया है. मृतका के भाई प्रभात की शिकायत पर पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज मृत्यु, मारपीट, उत्पीड़न और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की तलाश कर रही है.

परिवार ने लगाए दहेज और मारपीट के आरोप

एफआईआर के मुताबिक, आकृति की शादी करीब छह महीने पहले रमेश के बेटे गौरव से हुई थी. शिकायत में कहा गया है कि शादी के बाद गौरव ने 30 लाख रुपये और Scorpio-N कार की मांग की. परिवार का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर आकृति को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया.

परिजनों के अनुसार, 7 सितंबर की रात करीब नौ बजे आकृति ने फोन कर बताया था कि उसके पति, ससुर रमेश, सास सरोज और ननदें उसके साथ मारपीट कर रही हैं और उसे जान से मारने की कोशिश की जा रही है. कुछ देर बाद फोन कट गया. इसके बाद गौरव ने मायके वालों को बताया कि आकृति छत से गिर गई है और उसे अस्पताल ले जाया गया है. डॉक्टरों ने 10 सितंबर को उसे मृत घोषित कर दिया.

शिकायत के आधार पर गौरव, रमेश, सरोज, नेहा और सोनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 80, 85, 115(2), 352 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं 3/4 के तहत कार्रवाई की है.

पुलिस के मुताबिक, गौरव को 12 सितंबर को मुरादनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में उसके कथित बयान और परिवार के आरोपों की जांच की जा रही है. पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल के साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी. आकृति की मौत छत से गिरने की वजह से हुई या इसके पीछे कोई अन्य परिस्थिति थी, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.