पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के धूलियान में शनिवार सुबह सागरदिघी विधायक बायरन विश्वास के घर आग लग गई. हादसे में विधायक झुलस गए. उन्हें घर से सुरक्षित निकालकर इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, घर की दूसरी मंजिल से घना काला धुआं निकलता दिखाई दिया था. इसके बाद परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया. सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बायरन विश्वास की हालत स्थिर बताई गई है. आग किस वजह से लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस और दमकल विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है. संभावित कारणों में शॉर्ट सर्किट या जलती हुई बीड़ी से आग लगने की आशंका की जांच की जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.