हरियाणा के हिसार जिले के नारनौंद क्षेत्र के राखीगढ़ी और मोठ गांवों से हरिद्वार जा रहे छह दोस्तों की मुजफ्फरनगर में सड़क हादसे के बाद मौत हो गई. मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल बताए गए हैं. हादसे की खबर पहुंचने के बाद दोनों गांवों में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

सभी युवक सोमवती अमावस्या के मौके पर गंगा स्नान के लिए एक साथ निकले थे. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मृतकों की उम्र करीब 20 से 23 वर्ष के बीच थी. इनमें कुछ युवक पढ़ाई कर रहे थे, जबकि कुछ ड्राइविंग, एसी-फ्रिज रिपेयरिंग और मिस्त्री का काम करते थे. हादसे में मारे गए दो युवकों को सगे भाई बताया गया है.

फ्लाईओवर पर डिवाइडर से टकराई कार

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना सोमवार, 9 नवंबर की सुबह करीब पांच बजे मुजफ्फरनगर हाईवे पर जग्गाहेड़ी टोल के बाद फ्लाईओवर पर हुई. मुजफ्फरनगर के एसएसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि कार पानीपत की ओर से आ रही थी और उसमें छह लोग सवार थे. तेज रफ्तार के चलते वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया, फिर दूसरी लेन में जाकर पलट गया. इसके बाद कार में आग लग गई.

स्थानीय पुलिस और दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई. कार में सवार सभी छह लोगों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी मौत हो गई. हादसे की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर में बिजली के खंभे के दो टुकड़े हो गए और डिवाइडर का करीब 10 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ.

एसएसपी के मुताबिक, मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. उधर, राखीगढ़ी और मोठ गांवों में हादसे की सूचना के बाद मातम पसरा है. एक ही हादसे में छह युवकों की मौत और एक परिवार के दो बेटों के चले जाने से ग्रामीणों में गहरा शोक है.