मुजफ्फरपुर में तैनात SSB के ASI विकास कुमार और उनके सहयोगी राजीव राय के खिलाफ दिल्ली की एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला ने SSB अधिकारियों और जिला पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसे सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने और कंटेंट वायरल कराने का भरोसा देकर मुजफ्फरपुर बुलाया गया था.
शिकायत के मुताबिक, वह दिसंबर 2025 में अपने दो वर्षीय बेटे के साथ मुजफ्फरपुर पहुंची थी. महिला का आरोप है कि स्टेशन रोड के एक होटल में ASI के सहयोगी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इसका वीडियो बना लिया. उसने दावा किया कि बाद में वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उससे 20 हजार रुपये लिए गए और अतिरिक्त पैसे की मांग की गई.
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने के बाद उस पर बयान बदलने और मामला वापस लेने का दबाव बनाया गया. पुलिस ने कहा है कि ऑनलाइन शिकायत की जांच की जा रही है और तथ्यों की पुष्टि के बाद FIR पर निर्णय लिया जाएगा.
इसी मामले में लखनऊ की दो अन्य महिलाओं ने भी ASI पर अश्लील संदेश भेजने और शोषण के आरोप लगाए हैं. SSB ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है. फिलहाल सभी आरोप जांच के स्तर पर हैं.
