बिहार के मुजफ्फरपुर में राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) और बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने संयुक्त कार्रवाई में करीब तीन किलोग्राम चरस जब्त की है. एजेंसियों ने बरामद पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग तीन करोड़ रुपये बताई है. मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
अधिकारियों के अनुसार, 17 और 18 अक्टूबर को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाकों में निगरानी शुरू की गई थी. जांच के दौरान तस्करी में शामिल लोगों और नशीले पदार्थों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के तरीकों के बारे में जानकारी जुटाई गई.
मेमू ट्रेन में कार्रवाई
18 अक्टूबर की सुबह एजेंसियों को सूचना मिली कि बापूधाम मोतिहारी से मुजफ्फरपुर आ रही नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर मेमू ट्रेन में एक संदिग्ध चरस लेकर सफर कर रहा है. इसके बाद संयुक्त टीम ने मुजफ्फरपुर जंक्शन पर कार्रवाई की और संदिग्ध को पकड़ लिया. तलाशी में उसके पास से करीब तीन किलोग्राम चरस बरामद हुई.
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि चरस नेपाल से लाई गई थी और इसे उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद पहुंचाया जाना था. एजेंसियों के मुताबिक, तस्करी से जुड़े लोग निगरानी से बचने के लिए खेप को अलग-अलग ट्रेनों के जरिए ले जाने और उसकी आवाजाही में देरी करने की योजना बना रहे थे.
पूछताछ के आधार पर दूसरा आरोपी पकड़ा गया
पहले आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर संयुक्त टीम ने कथित आपूर्तिकर्ता को भी गिरफ्तार किया. जांच एजेंसियां अब नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों, चरस के स्रोत और बिहार के रास्ते उत्तर प्रदेश तक इस्तेमाल किए गए सप्लाई रूट की जानकारी जुटा रही हैं.
दोनों आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 के तहत कार्रवाई की गई है. मामले की आगे जांच जारी है.
