बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले में पानी में तैरते ड्रम से बरामद शव की पहचान 50 वर्षीय निरंजन चंद्र सूत्रधार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, निरंजन ज्वेलरी कारीगर थे और मयमनसिंह के अठारबारी बिल्डिंग इलाके में साझेदारी में आभूषण की दुकान चलाते थे.

पुलिस ने बुधवार सुबह सदर क्षेत्र के बेगुनबाड़ी इलाके में एक स्लूइस गेट के पास ड्रम बरामद किया था. स्थानीय लोगों की सूचना के बाद ड्रम खोला गया, जिसके अंदर शव मिला. शव की पहचान मृतक की जेब से मिले मयमनसिंह हिंदू कोऑपरेटिव क्रेडिट यूनियन लिमिटेड के टोकन के आधार पर की गई. बाद में परिवार ने भी पहचान की.

कोतवाली मॉडल थाने के अधिकारी मुहम्मद शिबिरुल इस्लाम के मुताबिक, शव के सिर और छाती पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए हैं. पुलिस को आशंका है कि निरंजन की हत्या के बाद शव को ड्रम में रखकर पानी में फेंका गया.

पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, घटना में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और हत्या के कारण तथा संदिग्धों की पहचान की जांच जारी है.