नगालैंड के मोकोकचुंग और तुएनसांग जिलों में पिछले दो दिनों के दौरान संदिग्ध शराब पीने से 19 लोगों की मौत की सूचना है. मोकोकचुंग में आठ और तुएनसांग में 11 मौतें बताई गई हैं. पुलिस के मुताबिक, मौतों के पीछे जहरीली शराब होने की आशंका है, लेकिन इसकी पुष्टि फोरेंसिक जांच के बाद होगी.
मौतों के बाद पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया और करीब 3,000 शराब की बोतलें जब्त की गईं. पुलिस ने मामले की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई है.
सप्लाई चेन की भी जांच
शराब के नमूने फोरेंसिक जांच के लिए गुवाहाटी भेजे गए हैं. SIT मौतों के कारणों के साथ शराब बेचने वालों और इसकी सप्लाई चेन की भी जांच करेगी. पुलिस ने कहा है कि जांच में कुछ सुराग मिले हैं.
नगालैंड में 1990 से शराबबंदी कानून लागू है. पुलिस ने लोगों से बिना लेबल या संदिग्ध शराब नहीं पीने की अपील की है. तबीयत बिगड़ने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लेने को कहा गया है.
