महाराष्ट्र के नागपुर में ATM से नकदी लेकर SBI शाखा लौट रहे बैंक कर्मचारियों से 4.53 लाख रुपये लूटने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे भाड़े प्लॉट इलाके में एक युवक ने कर्मचारियों के चेहरे और आंखों पर लाल मिर्च पाउडर डालकर नकदी से भरा बैग छीन लिया और भागने लगा.

मिर्च पाउडर पड़ने से कर्मचारियों को देखने में परेशानी हुई. इसके बावजूद उन्होंने शोर मचाते हुए आरोपी का पीछा किया. इसी दौरान इलाके में गश्त कर रहे बीट मार्शल और DB टीम के पुलिसकर्मी भी पीछा करने में शामिल हो गए. पुलिस के मुताबिक, आरोपी को घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर घटना के लगभग 30 मिनट के भीतर पकड़ लिया गया. उसके पास से लूटी गई पूरी 4.53 लाख रुपये की रकम बरामद होने की बात कही गई है.

CCTV में कैद हुई वारदात

बैंक और आसपास लगे CCTV कैमरों में घटना रिकॉर्ड हुई है. फुटेज में आरोपी कर्मचारियों पर मिर्च पाउडर डालने के बाद नकदी का बैग लेकर भागता दिखाई दे रहा है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी पहले से कर्मचारियों की गतिविधियों पर नजर रख रहा था और उसे नकदी के बारे में जानकारी कैसे मिली.

पकड़े गए युवक की पहचान 28 वर्षीय सूरज भोजराज बोरकर के रूप में बताई गई है. वह नागपुर ग्रामीण के भीवापुर तालुका स्थित तातोली गांव का निवासी है. पुलिस के अनुसार, वह B.Sc. स्नातक और फिलहाल बेरोजगार है. शुरुआती जांच में पुलिस ने नौकरी नहीं मिलने और आर्थिक कठिनाइयों को संभावित वजह माना है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी.

पुलिस ने मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है. यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में वह अकेला शामिल था या उसके साथ कोई और व्यक्ति था. गिरफ्तारी में कांस्टेबल शैलेश बेलेकर, राजेंद्र मोहाड़, तप्पूलाल चुटे और शरदसिंह तेम्भरे समेत बीट मार्शल और DB टीम की भूमिका बताई गई है.