महाराष्ट्र के नागपुर जिले के सक्करदरा इलाके में State Bank of India की शाखा से ₹4.53 लाख की लूट का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय सुरज बोरकर ने शुक्रवार शाम बैंक में प्रवेश किया और कर्मचारियों पर मिर्च पाउडर फेंक दिया.

घटना CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई. फुटेज में आरोपी का चेहरा सफेद कपड़े से ढका दिखाई देता है. उसके हाथ में हरे रंग का पैकेट था, जिससे उसने बैंक कर्मचारियों पर मिर्च पाउडर फेंका. अफरा-तफरी के बीच वह काउंटर फांदकर नकदी उठाता है और बैंक से बाहर निकल जाता है. कुछ कर्मचारियों ने उसका पीछा करने की कोशिश भी की.

पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की और कुछ घंटों के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि शेयर बाजार में ₹5 लाख गंवाने के बाद वह कर्ज में था. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात की योजना में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं.