मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के पास नाले में कार बह जाने से आठ लोगों की मौत हो गई. मृतकों में तीन बच्चे शामिल हैं. सात मृतक ओडिशा के रहने वाले थे, जबकि कार चालक अरुण गोयल आगर-मालवा के बड़ोद का निवासी था. सभी लोग मंदिर में दर्शन करने आए थे और उन्होंने उज्जैन से कार किराये पर ली थी.

पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब तीन बजे हुआ. नलखेड़ा में पिछले 24 घंटे के दौरान 3.7 इंच बारिश दर्ज की गई थी. रात में तेज बारिश के बाद नाले का जलस्तर बढ़ गया, जिसके कारण कार बहकर पुल से करीब 100 मीटर दूर चली गई. सुबह पानी कम होने पर कार की छत दिखाई दी.

स्थानीय व्यक्ति की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. एसडीआरएफ की मदद से कार को बाहर निकाला गया और सभी शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए. पुलिस की प्रारंभिक जांच में मौत का कारण डूबना सामने आया है. हालांकि, हादसे की परिस्थितियों की जांच जारी है.

सीसीटीवी फुटेज की जांच

पुलिस मंदिर और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पुलिस के मुताबिक चालक समेत छह मृतकों की पहचान हो चुकी है. घटनास्थल पर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रवींद्र कुमार बोयट समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में रोष है. लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आंबेडकर चार रास्ते पर चक्काजाम किया. शहर बंद की तैयारी की भी जानकारी सामने आई है. स्थिति को देखते हुए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.