पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में BJP उम्मीदवार हसिरानी रथ के चुनावी हलफनामे को लेकर कांग्रेस ने कलकत्ता हाईकोर्ट का रुख किया है. कांग्रेस का आरोप है कि हलफनामे में उनकी उम्र और दसवीं कक्षा पास करने के वर्ष से जुड़ी जानकारी में विसंगति है.

मामले का उल्लेख बुधवार को न्यायमूर्ति कृष्ण राव की एकल पीठ के सामने किया गया. कांग्रेस की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता रिजू घोषाल ने कहा कि हलफनामे में रथ की जन्म-वर्ष संबंधी जानकारी लगभग 1966 बताई गई है, जबकि शैक्षणिक योग्यता के कॉलम में उन्होंने 1965 में माध्यमिक यानी कक्षा 10 की परीक्षा पास करने का उल्लेख किया है. कांग्रेस ने इस आधार पर विस्तृत जांच की मांग की है.

पार्टी ने स्कूल की मान्यता से जुड़ा सवाल भी उठाया है. उसके अनुसार, संबंधित विद्यालय 1963 में शुरू हुआ था और उसे कक्षा 10 तक पढ़ाने की सरकारी अनुमति 1973 में मिली. अदालत ने याचिका दाखिल करने की अनुमति दी है और मामले पर गुरुवार को सुनवाई होने की संभावना है.

हसिरानी रथ ने कहा है कि उन्हें कानून पर पूरा भरोसा है. नंदीग्राम में मतदान 6 अक्टूबर को होगा, जबकि मतगणना 9 अक्टूबर को निर्धारित है.