नंदीग्राम उपचुनाव से पहले पश्चिम बंगाल की राजनीति में 2021 की चुनावी चोट का मुद्दा फिर उभर आया है. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि उस समय मुख्यमंत्री रहीं ममता बनर्जी ने प्रचार के दौरान पैर की चोट को लेकर गलत अभियान चलाया था. उन्होंने मामले की जांच कराने की घोषणा की है.
अधिकारी ने 11 मार्च 2021 की एक अस्पताल रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि उसमें पैर में फ्रैक्चर या हड्डी खिसकने का कोई प्रमाण नहीं मिला. उन्होंने कहा कि चुनाव आचार संहिता खत्म होने के बाद CID इस मामले की जांच आगे बढ़ाएगी और दोष साबित होने पर कार्रवाई की जाएगी.
ममता बनर्जी को मार्च 2021 में नंदीग्राम में प्रचार के दौरान चोट लगी थी. इसके बाद वह व्हीलचेयर पर चुनाव प्रचार करती दिखाई दी थीं और पैर पर प्लास्टर लगा था. उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उन्हें धक्का दिया और कार का दरवाजा उनके पैर से टकराया. उस घटना को लेकर उस समय भी राजनीतिक विवाद हुआ था.
तृणमूल कांग्रेस विधायक कुणाल घोष ने अधिकारी के आरोपों को राजनीतिक बदनामी बताया. उनका कहना है कि चोट वास्तविक थी और उस समय इलाज करने वाले डॉक्टर इसकी गंभीरता की पुष्टि कर सकते हैं. नंदीग्राम में उपचुनाव के लिए 6 अक्टूबर को मतदान और 9 अक्टूबर को मतगणना प्रस्तावित है.
