कलकत्ता हाईकोर्ट ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल सरकार के वकील से कहा कि जमानत मिलने पर नंदीग्राम उपचुनाव के कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को चुनाव लड़ने दिया जाए. मामले की सुनवाई जस्टिस सौगत भट्टाचार्य ने की.
मिलन प्रधान पर 11 मामले दर्ज होने की बात सामने आई है. इनमें से पांच मामलों में उनकी गिरफ्तारी हो चुकी है और वह फिलहाल जेल में हैं. हल्दिया सब-डिविजनल कोर्ट ने 19 सितंबर को नंदीग्राम से जुड़े चार मामलों में उन्हें 3 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा था. ये मामले 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन से संबंधित हैं.
इसके बाद 21 सितंबर को कांथी कोर्ट ने करीब दो दशक पुराने आर्म्स एक्ट मामले में उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. प्रधान के वकील अयान भट्टाचार्य ने इस आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती देने की बात कही है.
नंदीग्राम में मतदान 6 अक्टूबर को होना है, जबकि प्रचार 4 अक्टूबर को समाप्त होगा. मतगणना 9 अक्टूबर को होगी. मौजूदा न्यायिक हिरासत के कारण प्रधान के खुद प्रचार करने का अवसर जमानत मिलने पर निर्भर है.
गिरफ्तारी और वारंट पर दोनों पक्षों की दलील
प्रधान ने छह मामलों में पुलिस की जबरन कार्रवाई से सुरक्षा की मांग की थी. राज्य सरकार ने हाईकोर्ट को बताया कि इनमें से पांच मामले पिछली सरकार वापस ले चुकी थी और शेष एक मामले में प्रधान वांटेड नहीं हैं. प्रधान के वकील ने कहा कि वे उन पांच मामलों में राहत नहीं मांग रहे हैं, जिनमें गिरफ्तारी हो चुकी है.
प्रधान के वकील ने आरोप लगाया कि उपचुनाव में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले TMC धड़े से समर्थन मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया. इसके विपरीत, राज्य के एडिशनल एडवोकेट जनरल ने कहा कि गिरफ्तारी निचली अदालत के वारंट के आधार पर हुई. यह वारंट 2007 के एक आपराधिक मामले में जारी हुआ था और 2021 से लंबित था.
सरकार ने यह भी कहा कि चुनाव से पहले लंबित गिरफ्तारी वारंट पर कार्रवाई करना पुलिस की जिम्मेदारी है और अन्य आरोपियों के खिलाफ लंबित वारंट पर भी कार्रवाई की गई है.
नंदीग्राम सीट मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के 2026 के विधानसभा चुनाव में इसे जीतने के बाद छोड़ने से खाली हुई. अधिकारी ने भवानीपुर सीट से भी जीत दर्ज की थी. इसके बाद चुनाव आयोग ने नंदीग्राम में उपचुनाव घोषित किया.
